1533 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की उपाधियां
आबूरोड
माधव विश्वविद्यालय में 9 अक्टूबर को 8वें दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा। समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन पूर्ण कर उपाधि प्राप्त करने वाले 1533 छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
समारोह श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के संस्थापक तथा महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर एवं गुरु गोविंद जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा के पूर्व कुलपति डॉ. नरेंद्र सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य एवं माधव विश्वविद्यालय के चांसलर हिम्मत सिंह देवल की अध्यक्षता में आयोजित होगा। वहीं राजस्थान पत्रिका के स्टेट हेड (आरओआर) राजेंद्र सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह के अवसर पर एलुमनाई मीट का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी शामिल होकर अपने पुराने साथियों एवं शिक्षकों से मुलाकात करेंगे तथा विश्वविद्यालय से जुड़ी अपनी यादों और अनुभवों को साझा करेंगे। एलुमनाई मीट के माध्यम से पूर्व विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के बीच जुड़ाव को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
8वें दीक्षांत समारोह को लेकर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह बना हुआ है। विद्यार्थियों के लिए यह समारोह उनके शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि का अवसर होगा। समारोह के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन तथा टीवीटीसीसी की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
