आबूरोड: माधव विश्वविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल सप्ताह समारोह के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं विधि संकाय के संयुक्त तत्वावधान में युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ । कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के निदेशक डॉ. देवेंद्र मुझाल्दा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत अभियान की सफलता के लिए युवाओं में जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। युवा देश की शक्ति हैं और उन्हें नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।विधि संकाय की अधिष्ठाता डॉ. विद्या शक्तावत ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें नशे सहित सभी हानिकारक पदार्थों से दूर रहने के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम की प्रभारी डॉ. पूजा शर्मा ने कहा कि युवाओं में जागरूकता, आत्म अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। युवा शक्ति यदि नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करे, तो एक स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वितीय की प्रभारी डॉ. रेणुका ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों को समझते हुए अपने जीवन में सकारात्मक आदतों को अपनाना चाहिए। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर बी.ए. एलएल.बी. प्रथम वर्ष के विद्यार्थी उद्देश्य ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके समर्पण पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विधि संकाय के डॉ. दुष्यंत कुमार, डॉ. रेणुका, डॉ. पूजा शर्मा, डॉ. मनोज यादव, डॉ. विकास चौधरी, डॉ. अंकिता हुक्कू, सेबा ईपेन एवं विनीता मीणा सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
Tags:
Rajasthan
