सिंचाई पानी की समस्या से जूझ रहे श्रीगंगानगर के किसानो को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है. गंगनहर में जून माह के निर्धारित 2500 क्यूसेक शेयर के विरूद्ध कम पानी मिलने की समस्या से सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अवगत करवाया। इस पर मुख्यमंत्री ने किसानों की पीड़ा को समझते हुए तत्काल प्रभाव से पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात की और गंगनहर में पूरा पानी देने का आग्रह किया। भगवंत मान ने भी जल्द पूरा पानी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है।
सादुलशहर विधायक गुरवीर बराड़ ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को अवगत करवाया कि गंगनहर प्रणाली के लिए जून माह में 2500 क्यूसेक शेयर निर्धारित है। इसके बावजूद वर्तमान में आरडी संख्या 45 पर लगभग 1635 क्यूसेक पानी दर्शाया जा रहा है। लोसेज और पानी चोरी के कारण राजस्थान के प्रवेश द्वारा खखां हैड पर लगभग 1150 क्यूसेक ही पानी आपूर्ति हो रही है। निर्धारित मात्रा से आधे से भी कम पानी प्राप्त होने के कारण गंगनहर प्रणाली की नहरें और फसलें प्रभावित हो रही हैं, जिससे गंगनहर प्रणाली के काश्तकारों में रोष है। उन्होंने बताया कि पंजाब में धान की बिजाई प्रारम्भ होने और पानी की मांग अधिक होने के कारण फिरोजपुर फीडर से निकलने वाली पंजाब की नहरें सरहिन्द फीडर, ईस्टर्न कैनाल एवं अन्य छोटी माईनरों में निर्धारित क्षमता से अधिक पानी लिया जा रहा है। फिरोजपुर फीडर जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण निर्धारित क्षमता के अनुसार पानी नही ले रहा है। इसके कारण गंगनहर प्रणाली में निर्धारित मात्रा से कम पानी प्राप्त हो रहा है।
किरोड़ी लाल मीणा है वादे के पक्के, धैर्य रखें, एक-दो दिन में जनता के बीच देंगे एक संदेश
बराड़ ने बताया कि गंगनहर प्रणाली के किसानों के पीड़ा के मद्देनजर निर्धारित शेयर के अनुसार सिंचाई पानी आपूर्ति करवाने के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया तो उन्होंने किसानों की पीड़ा को समझते हुए तत्काल प्रभाव से पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान से दूरभाष पर बात की। गंग नहर में निर्धारित क्यूसेक के अनुसार पानी देने के आग्रह पर भगवंत मान ने जल्द पूरा पानी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है। विधायक गुरवीर सिंह बराड़ ने बताया कि आज रात तक गंग नहर में 500 क्यूसेक पानी मिल सकता है। इसके पश्चात शेष पानी भी जल्द ही किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध होगा।
