आबूरोड
माधव विश्वविद्यालय में प्रो-चेयरपर्सन डॉ. भारती देसाई के मार्गदर्शन में टीवीटीसीसी की ओर से एलुमनाई मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विश्वविद्यालय से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया गया। छात्र-छात्राओं ने गायन, नृत्य और समूह नृत्य की प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों की शॉर्ट फिल्म भी प्रदर्शित की गईं। इनके माध्यम से संकायों से जुड़ी गतिविधियों और पुरानी यादों को दर्शाया गया। फिल्मों के जरिए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण की झलक प्रस्तुत की गई। उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और विश्वविद्यालय से जुड़े अनुभवों को याद किया।
एलुमनाई मीट के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के प्रति अपनी सहभागिता निभाते हुए वाटर प्यूरीफायर और पुस्तकें भेंट कीं। पूर्व विद्यार्थियों की ओर से दिया गया यह योगदान विश्वविद्यालय के प्रति उनके जुड़ाव और सहयोग की भावना को दर्शाता है। इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल पूर्व विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रो-चेयरपर्सन डॉ. भारती देसाई, प्रो-प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) सुशील भार्गव, प्रो-प्रेसिडेंट (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) रितेश वैद्य, रजिस्ट्रार डॉ. भावेश कुमावत, प्रॉक्टर डॉ. आदेशपाल सिंह, अकादमिक अधिष्ठाता डॉ. महेंद्र सिंह परमार, शोध निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय कुमार दास, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अर्चना तंवर व छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. देवेंद्र मुझालदा सहित विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, टीवीटीसीसी सदस्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
