आबूरोड के माधव विश्वविद्यालय में हुआ लाइव प्रसारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सिरोही जिले के आबूरोड के समीप स्थित माधव विश्वविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने एक साथ ऑनलाइन भाग लिया और नशामुक्ति की शपथ ली। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने शैक्षणिक संस्थानों, आध्यात्मिक संगठनों और आम देशवासियों से आह्वान किया कि सभी संगठन एक-एक सप्ताह तक पूरे देश में इस अभियान का नेतृत्व करें। उन्होंने बताया कि यह अभियान आने वाले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को लगातार संचालित किया जाएगा, जिससे देश में एक बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 'विकसित भारत संकल्प अभियान' की सफलता के लिए देश के युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ तथा आत्मविश्वास से भरपूर होना बेहद आवश्यक है। हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि युवा नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों को समझें और इससे दूर रहें। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और जागरूकता ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, और इस नशामुक्त अभियान को जन-जन तक पहुँचाना हम सबकी ज़िम्मेदारी है।
आबूरोड स्थित माधव विश्वविद्यालय में टीवीटीसीसी (TVTCC) टीम के संयोजन में इस अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने नशामुक्ति की शपथ ली तथा इस संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान नशामुक्ति विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम का सफल मंच संचालन बीएसएमएच की छात्रा संजना व हर्षिता ने किया। इस दौरान प्रो. प्रेसिडेंट सुशील भार्गव, रजिस्ट्रार डॉ. भावेश कुमावत, एकेडमिक अधिष्ठाता डॉ. महेंद्र सिंह परमार, एनएसएस निदेशक डॉ. देवेंद्र मुजाल्दा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।