भूखंड स्वामियों को 3 दिन का अल्टीमेटम: खुद सफाई करवाएं वरना नगर परिषद वसूलेगी खर्चा, लापरवाही पर प्लॉट होंगे सीज!
श्रीगंगानगर, 03 अगस्त। श्रीगंगानगर शहर में खाली पड़े प्लॉट्स को कचरा पात्र बनाने वाले और गंदगी फैलाने वाले भूखंड स्वामियों के खिलाफ नगर परिषद अब सख्त रुख अपनाने जा रही है। स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशों की अनुपालना में नगर परिषद, श्रीगंगानगर द्वारा शहरभर में एक कड़ा और विशेष सफाई अभियान शुरू किया जा रहा है। नगर परिषद आयुक्त मिल्ख राज चुघ ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि शहर की स्वच्छता और आमजन की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आयुक्त मिल्ख राज चुघ ने सख्त लहजे में कहा कि खाली पड़े प्लॉट्स में जमा गंदगी और झाड़-झंखाड़ न केवल शहर की सुंदरता को दागदार कर रहे हैं, बल्कि बीमारियों को भी न्योता दे रहे हैं। इसे देखते हुए सभी भूखंड स्वामियों को अंतिम 3 दिनों का अल्टीमेटम दिया जाता है कि वे अपने खाली प्लॉट्स की सफाई तुरंत अपने स्तर पर सुनिश्चित करें। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सफाई नहीं करवाई गई, तो नगर परिषद खुद कड़ा एक्शन लेते हुए प्लॉट्स की सफाई करवाएगी और उसका पूरा भारी-भरकम खर्च संबंधित भूखंड स्वामी से ही वसूला जाएगा।
यही नहीं, नगर परिषद द्वारा वसूला गया सफाई व्यय जमा न कराने की स्थिति में संबंधित भूखंड को तुरंत सीज करने सहित कठोर कानूनी और वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आयुक्त ने कड़े शब्दों में दोहराया कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत श्रीगंगानगर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नगर परिषद पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस महाअभियान के दौरान किसी भी भूखंड स्वामी की ढिलाई या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
Tags:
sri ganganagar